[ad_1]
उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं और घने कोहरे का कहर जारी रहने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। सड़क, रेल और हवाई सेवा पर इसका असर पड़ा। घने कोहरे ने समूचे उत्तर भारत को अपने आगोश में ले लिया तथा रात में सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कश्मीर घाटी में भी ठंड के साथ कोहरे का कहर जारी रहा। पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे से यात्रियों को परेशानी हुई। कोहरे के चलते पंजाब के लुधियाना में दस गाड़ियां आपस में टकरा गईं जिससे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
पंजाब और हरियाणा में शीत लहर जारी
पंजाब और हरियाणा में शनिवार को शीतलहर चलती रही और बठिंडा में पारा चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी में पारा 5.8 डिग्री तक लुढका। वैसे दोनों राज्यों में कई स्थानों पर सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे यात्रियों को परेशानी हुई
कश्मीर में ठंड का प्रकोप बढ़ा, तापमान में गिरावट
कश्मीर के कई इलाकों में शनिवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई जिससे घाटी में सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया है। इसकी वजह से प्रसिद्ध डल झील के साथ-साथ कई इलाकों में पानी के स्रोत जम गए हैं। श्रीनगर सहित घाटी के कई इलाकों में शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा।
राजस्थान में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने राजस्थान के प्रदेश के कई इलाकों में अगलो चौबीस घंटों के दौरान घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में चुरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ व सीकर व झुंझुनू में घने व अति घने कोहरे का अनुमान व्यक्त किया है।
उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा
उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप थमेगा मगर घने कोहरे के साथ दिन में धूप नहीं निकलने का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी व पश्चिमी अंचलों के कुछ इलाकों में सुबह व रात में घना कोहरा छाया रहने के साथ दिन में धूप नहीं निकलने और कुहासा छाया रहने के आसार जताए गए हैं।
भीषण ठंड में कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीषण ठंड को ध्यान में रखते हुए रैन बसेरों के बेहतर संचालन और अलाव की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। यह भी कहा है कि यह भी ध्यान रखा जाए कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। उन्होंने अलाव जलाने, जरूरतमंदों को कंबल बांटने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड के मैदानी जिलों में बढ़ेगा कोहरा
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में विशेषकर हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग देहरादून ने 19 जनवरी तक मैदानी क्षेत्रों में इसी तरह कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
[ad_2]
Source link